भगवान चित्रगुप्त की जयंती पर मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया दर्शन पूजन, निकाली शोभायात्रा

 




वाराणसी, 10 नवंबर(हि.स.)। वाराणसी में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भगवान चित्रगुप्त की जयंती के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा अर्चना सहित विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। चित्रगुप्त जयंती की तिथि पर शहर के पहड़ियां स्थित रमरेपुर मार्ग पर भगवान चित्रगुप्त के मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। मंदिर में दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं ने बताया कि पंचांग के अनुसार द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर से शुरू हुई और अगले दिन बुधवार 11 नवंबर को दोपहर तक रहेगी। इस दौरान चित्रगुप्त मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया है। जिसमें शहर के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए आ रहे हैं।

चित्रगुप्त जयंती के अवसर पर शहर के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दक्षिणी द्वार के सामने से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा निकालते हुए पिपलानी कटरा चौराहा से लहुराबीर होते हुए जगतगंज आकर शोभायात्रा को समाप्त हुई।

शोभा यात्रा में शामिल कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव में कहा कि भगवान चित्रगुप्त को लेखा जोखा रखने वाला देवता कहते हैं। भगवान चित्रगुप्त सभी के कर्मों का हिसाब किताब में रखते हैं। हम सभी श्रद्धालु शोभा यात्रा निकालकर उनकी जयंती मना रहे हैं।

वहीं, वाराणसी शहर के दूसरे स्थानों पर भी भगवान चित्रगुप्त की जयंती मनाई गई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र छात्राओं ने भगवान चित्रकूट की जयंती मनाते हुए एक दूसरे से अपने विचार साझा किया। वहीं भगवान को अर्पित प्रसाद का वितरण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद