राष्ट्रीय पशुधन डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाएं : मुख्य सचिव

 


लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पशुधन डिजिटल मिशन (एनडीएलएम) के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक साेमवार काे आयोजित हुई। बैठक में भारत पशुधन ऐप पर पशुधन के डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, स्ट्रीट डॉग पंजीकरण, एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश में पशुधन के डिजिटल रिकॉर्ड को अधिक व्यवस्थित, अद्यतन एवं प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय पशुधन डिजिटल मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने भारत पशुधन ऐप पर पशुधन संबंधी डेटा की शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण अपलोडिंग सुनिश्चित करने के साथ ही नोडल अधिकारियों की तैनाती और डेटा की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में नोडल अधिकारियों के नामांकन का कार्य तीन दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नामित अधिकारियों, कर्मियों की आईडी बनवाकर भारत पशुधन ऐप पर डेटा अपलोडिंग की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नोडल तंत्र के गठन के उपरांत आवारा पशुओं की मैपिंग का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।

मुख्य सचिव ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य, जिला एवं स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख ढंग से पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रत्येक वार्ड में वार्ड लोकल नोडल अधिकारी नामित करने के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि शहरी क्षेत्रों में पशुधन एवं स्ट्रीट डॉग से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं डेटा प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 17 नगर निगमों में एनीमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। 01 अप्रैल से 15 सितम्बर तक 75,006 श्वानों का बंध्याकरण एवं टीकाकरण किया गया है।

समीक्षा के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों के गठन का 99.85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारियों के गठन का 92.28 प्रतिशत कार्य तथा राज्य, जिला व ब्लॉक में में नोजव अधिकारियों के गठन का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव, पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम सहित संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा