मीरजापुर : नहर में झाड़-झंखाड़ देख चीफ ने एसडीओ को लगाई फटकार, स्लूस गेट की मरम्मत का लिया जायजा

 


मीरजापुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अहरौरा बांध के मेन कैनाल के स्लूस गेट की बदहाल स्थिति और नहर में उगे झाड़-झंखाड़ को लेकर सिंचाई विभाग के सोन चीफ सिद्धार्थ कुमार ने साेमवार काे स्लूस गेट के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और नहर की सफाई न होने पर एसडीओ ऋतुराज पांडेय को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।

सोन चीफ ने कार्यदायी संस्था को स्लूस गेट का निर्माण गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा। पिछले करीब एक वर्ष से स्लूस गेट में तेज रिसाव के कारण बांध का पानी मेन कैनाल के रास्ते बर्बाद हो रहा था। किसानों की लगातार शिकायत और भारतीय किसान यूनियन द्वारा मामला उठाए जाने के बाद तकनीकी टीम ने जांच की थी। जांच में गेट की प्लेट गलने, रबर सील खराब होने समेत कई खामियां मिली थीं।

इसके बाद मरम्मत के निर्देश दिए गए। तीन दिन की मशक्कत के बाद हाइड्रा की मदद से स्लूस गेट को बाहर निकाला गया। निरीक्षण के दौरान गेट पूरी तरह गल चुका मिला। सोन चीफ ने मौके पर अधिकारियों को जल्द और मानक के अनुरूप नया गेट तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहरों में झाड़-झंखाड़ रहने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होती है। इसलिए सफाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जेई ओम प्रकाश राय और भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा