सामूहिक विवाह में 269 जोड़ाें की सजी खुशियों की बारात

 


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को विकास खंड सिटी के चन्दईपुर खेल मैदान में मेगा इवेंट के रूप में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 269 जोड़े एक साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए। पूरे परिसर में शहनाइयों की धुन और खुशियों का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में हलिया, लालगंज, जमालपुर, सीखड़ सहित नगर पालिका चुनार व अहरौरा के जोड़े शामिल हुए। इनमें अनुसूचित जाति के 213, अनुसूचित जनजाति के 2, अन्य पिछड़ा वर्ग के 47, सामान्य वर्ग के 3 और अल्पसंख्यक वर्ग के 4 जोड़े शामिल रहे।

मुख्य अतिथि छानबे विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की। इस दौरान वर-वधुओं को उपहार सामग्री व प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

विधायक ने कहा कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना उनके लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के खाते में भेजे जाएंगे, जबकि अन्य राशि से विवाह सामग्री और आयोजन की व्यवस्था की जाती है। कार्यक्रम में सैकड़ों परिजन और ग्रामीण शामिल हुए, जिन्होंने इस सामूहिक विवाह को यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा