मुख्यमंत्री योगी के आने से पहले सबकुछ दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन, डीएम ने संभाली कमान

 


- हेलीपैड, मां विंध्यवासिनी मंदिर व प्रमुख मार्गों का लिया जायजा

- सुरक्षा, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आठ जुलाई के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विंध्याचल पहुंचकर हेलीपैड, मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर और प्रस्तावित कार्यक्रम मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों में कोई कमी न छोड़ने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत विंध्याचल स्थित हेलीपैड से हुई, जहां जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, अग्निशमन उपकरणों और एंबुलेंस की उपलब्धता का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड से मंदिर तक की सड़क को गड्ढामुक्त कराने और पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पालिका को विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने विंध्यधाम में दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भगृह, दर्शन पथ, प्रसाद काउंटर और शौचालयों की व्यवस्था देखी तथा निर्देश दिया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा प्रभावित न हो। इसके लिए अलग रूट प्लान तैयार करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, एसएलओ गुलाब चंद, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी ओमप्रकाश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बीके पांडेय, राजकीय निर्माण निगम तथा नगर पालिका के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा