कविता के रंग में रंगी कृष्ण जन्माष्टमी की छठी, खूब झूमे श्रोता
मीरजापुर, 09 सितंबर (हि.स.)।जमालपुर क्षेत्र के बहुआर गांव में पूर्णेंदु मिश्र के आवास पर मंगलवार रात कृष्ण जन्माष्टमी की छठी के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन हुआ। ग्रामीण साहित्य जागरण मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कवियों ने देशभक्ति, वीर, करुण, श्रृंगार और हास्य रस की रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। युवा कवि दिलीप सिंह दीपक ने अपनी रचना से श्रोताओं को भावुक किया। पंकज कुमार प्रखर ने वीरों के बलिदान और हिंदुस्तान पर आधारित कविता सुनाई। नरसिंह साहसी ने हास्य-व्यंग्य की रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं।
संचालन कर रहे मिथलेश गहमरी ने देश की एकता पर आधारित कविता सुनाई। मखदूमपुरी ने पुरखों की निशानी कच्चे मकानों को बचाने का संदेश दिया। रामबाबू सिकरवार ने धारा 370 हटने पर व्यंग्य प्रस्तुत किया। मनोज द्विवेदी मधुर ने राधा-कृष्ण की भक्ति पर रचना सुनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बंधु पाल बंधु ने भोजपुरी हास्य कविता से श्रोताओं का मनोरंजन किया।
सुरेंद्र सिंह, नागेश कुमार शांडिल्य, विभा देवी और मुसायरी साहब समेत अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। इस दौरान रविशंकर त्रिपाठी, प्रभुनारायण मिश्रा, अशोक दीक्षित, ध्रुपद त्रिपाठी, अशोक पाठक, संतोष सिंह, गोपाल पांडेय, पप्पू तिवारी, उमेश पांडेय, कमला प्रसाद गुप्ता, आनंद मिश्रा और गरुण मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा