छठ पर बिहार झारखंड जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बसों का पर्याप्त इंतजाम

 




वाराणसी, 13 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में चौधरी चरण सिंह रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार को सोनभद्र और बलिया के रास्ते बिहार झारखंड जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त बसों का इंतजाम रहा। छठ पूजा के लिए पर्याप्त बसों को पाने के बाद बिहार झारखंड जा रहे यात्रियों ने प्रसन्नता जाहिर की। यात्रियों ने उत्तर प्रदेश की सरकार को अच्छी, पर्याप्त बसें और अच्छी सड़क देने के लिए धन्यवाद दिया।

वही, शहर के सामने घाट पर प्राइवेट बस स्टैंड से भी बिहार के भभुआ, मोहनिया, सासाराम, बक्सर जाने वाले यात्रियों को भी बसों की कोई समस्या नहीं झेलनी पड़ी। बस मालिक पप्पू ने बताया कि छठ पूजा को लेकर बसों की कोई कमी नहीं है। बिहार के लिए पर्याप्त बसें उपलब्ध है। साथ ही में बस किराया भी पहले से मात्र छह रुपया ही बढ़ा है।

छठ पूजा पर बक्सर जा रहे शिक्षाविद अजय राय ने कहा कि बनारस से बलिया और बिहार के लिए बसो की संख्या बढ़ने से अब समस्या नहीं है। नहाय खाय के साथ छठ पूजा शुरू हो गई है। वह भी परिवार के साथ बक्सर में अपने गांव जा रहे हैं। छठ पूजा करने के बाद वापस लौटेंगे। अभी बनारस से बिहार तक सड़क भी अच्छी हों गई है तो यात्रा में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद