चंदौली : जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान मंदिर का गुंबद ढहा, मलबे में दबकर मजदूर की मौत
—सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, लापरवाही के आरोपों की होगी जांच
चंदौली, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में जीटी रोड चौड़ीकरण अभियान के दौरान शुक्रवार देर रात हादसा हो गया। मुगलसराय बाजार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप स्थित पुराने काली मंदिर को हटाने की कार्रवाई के दौरान मंदिर का भारी-भरकम गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मलबे के नीचे दबकर निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय बाजार में इन दिनों जीटी रोड चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास स्थित पुराने काली मंदिर को हटाया जा रहा था। जिला प्रशासन की सहमति से मंदिर की मूर्तियों को पहले ही सुभाष पार्क परिसर में नव-निर्मित मंदिर में विधिवत स्थापित कराया जा चुका था। शुक्रवार देर रात लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और निर्माण कार्य करा रही एजेंसी के कर्मचारी जेसीबी मशीन से मंदिर का मलबा हटाने में जुटे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान जेसीबी का अगला हिस्सा मंदिर के गुंबद से टकरा गया। टक्कर के कुछ ही क्षण बाद गुंबद अचानक ढह गया और वहां मौजूद दो लोग उसकी चपेट में आ गए। दोनों घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बहादुरपुर (मुगलसराय) निवासी निर्माण कराने वाली एजेंसी के संविदा कर्मी मजदूर बलदेव यादव (59) को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का उपचार जारी है। नगर के एसडीएम राजीव सक्सेना ने भी मजदूर की मृत्यु की पुष्टि की।
प्रशासनिक अफसरों के अनुसार, पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी हादसे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी