महिलाओं की मेहनत को मिली नई उड़ान, महिला आयोग अध्यक्ष ने दिया लखपति दीदी बनने का मंत्र
मीरजापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। विकासखंड सिटी सभागार में गुरुवार को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए संवाद और सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान और मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके काम, उत्पाद और रोजगार को बेहतर बनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह की दीदियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर तरीके से बाजार तक पहुंचाने और महिलाओं के रोजगार को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मेहनत को उचित मंच और अवसर मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति के साथ-साथ पूरे समाज का विकास होगा।
मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने महिलाओं को “लखपति दीदी” बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं के माध्यम से प्रत्येक परिवार की वार्षिक आय को कम से कम एक लाख रुपये तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
संवाद के बाद हाथों में तिरंगा लेकर निकलीं महिलाएं
कार्यक्रम के बाद महिला आयोग अध्यक्ष ने समूह की महिलाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि प्रत्येक समूह की महिला अपने घर के साथ-साथ आसपास के पांच घरों में भी तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करे, ताकि राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गौरव के साथ मनाया जा सके।
तिरंगा यात्रा के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। हाथों में तिरंगा लिए महिलाओं ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उप निदेशक स्वतः रोजगार, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सिटी, जिला मिशन प्रबंधक, सहायक विकास अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक महिला कल्याण, ग्राम विकास अधिकारी, ब्लॉक मिशन प्रबंधक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा