श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक वीआईपी दर्शन रहेंगे बंद : सीईओ
वाराणसी, 10 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में सावन माह को लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन व्यवस्था पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा (सीईओ) ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर कहा कि आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन और विशेष प्रोटोकॉल पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार में लगकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने होंगे।
विश्व भूषण मिश्रा ने आगे कहा कि पिछले वर्ष के अनुभव और भीड़ के आंकड़ों के आधार पर दर्शन व्यवस्था की योजना बनाई गई है। धाम में प्रवेश के लिए सात अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही निकास मार्ग भी तय कर दिए गए हैं। इस बार विशेष रूप से वाराणसी के स्थानीय नागरिकों को पहचान पत्र के आधार पर गेट- फोर बी यानी ‘काशी द्वार’ से विशेष प्रवेश की सुविधा दी गई है। काशी के नागरिकों को इस विशेष द्वार से सुबह से ही दर्शन होने शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सावन माह में भीड़ की व्यापकता को देखते हुए इस बार फूल माला बेचने वाले विक्रेताओं को भी सहयोग करने के लिए कहा जाएगा। जिससे सड़क और गलियों से मंदिर तक आवागमन में श्रद्धालुओं को कठिनाई नहीं हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद