औरैया में 16 से 30 नवंबर तक होगी जनगणना की स्वगणना

 


औरैया, 06 नवम्बर (हि. स.)। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक प्रस्तावित स्वगणना प्रक्रिया में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने और प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार और आवास से संबंधित निर्धारित जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया से जुड़ सकें।

उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग को उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से राशन की दुकानों पर लाभार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों तक स्वगणना का संदेश पहुंचाने को कहा। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा और एएनएम के जरिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उपायुक्त स्वतः रोजगार को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से अभियान चलाने को कहा। एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों को भी जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी या तकनीकी सहायता की आवश्यकता हो, उन्हें सहयोग उपलब्ध कराया जाए। सभी विभाग कार्ययोजना बनाकर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार