हाथरस में जनगणना के प्रथम चरण के लिए दिया गया प्रशिक्षण

 


कार्मिकों को पहले चरण में एकत्र करनी होगी मकान के निर्माण, संख्या की जानकारी

सादाबाद इंटर कॉलेज में एसडीएम, तहसीलदार ने बताया जनगणना का उद्देश्य

हाथरस, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के कस्बा सादाबाद में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकान गणना के लिए बुधवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सादाबाद इंटर कॉलेज में सुपरवाइजरों और प्रगणकों के लिए था। तहसीलदार हेमंत चौधरी और एसडीएम मनीष चौधरी ने सभी प्रतिभागियों को प्रथम चरण के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा। इसमें मकानों की संख्या, उनके निर्माण की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का सही रिकॉर्ड तैयार करना शामिल है। प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने और उसे निर्धारित प्रारूप में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम मनीष चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना का कार्य देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है। उन्होंने जोर दिया कि इसके आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विकास योजनाओं, जैसे आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की रूपरेखा तैयार करती है। इसलिए सभी कर्मचारियों को इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से करने को कहा गया। तहसीलदार हेमंत चौधरी ने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों के काम की नियमित निगरानी करें।

उन्होंने किसी भी प्रकार की त्रुटि न होने देने पर बल दिया और कहा कि मकान सूचीकरण के दौरान प्रत्येक घर की सही जानकारी दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई प्रशासनिक समस्या उत्पन्न न हो। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, डेटा दर्ज करने की विधि और सर्वे के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की और अपनी शंकाओं का समाधान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना