विवि-कालेज के शिक्षक व कर्मचारी नेता उच्च शिक्षा मंत्री से मिले, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए जताया आभार
-कृतज्ञता ज्ञापित करने हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय में हाेगा अभिनंदन समारोह-उच्च शिक्षामंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद प्रस्ताव प्रेषित
लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास पर सोमवार को राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ, लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद, लखनऊ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और लखनऊ विश्वविद्यालय सहयुक्त महाविद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुयी। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की।
बैठक में सभी संगठनों ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद प्रस्ताव प्रेषित किया गया और कृतज्ञता ज्ञापित करने हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय में अभिनंदन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सहभाग करने वालों में उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष डॉ. संजय शुक्ला, लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, लखनऊ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. अनित्य गौरव, महामंत्री प्रो. राममिलन यादव के साथ ही लखनऊ विश्वविद्यालय सहयुक्त महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. मनोज पाण्डेय, महामंत्री प्रो. अंशु केडिया और विद्या भारती (उच्च शिक्षा) के क्षेत्रीय संयोजक प्रो. जयशंकर पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह