खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में टकराई कार, एक की मौत, दूसरा गंभीर
मीरजापुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र के भावा गांव के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोनभद्र के डाला बाजार निवासी अरविंद श्रीवास्तव (४०) अपने साथी विनय (३८) के साथ कार से मीरजापुर से सोनभद्र जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे भावा गांव के पास सड़क किनारे मिट्टी लादकर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी कार पीछे से जा भिड़ी। हादसे में दोनों कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनय की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा