चलती कार में लगी आग, पिता पुत्र झुलसे

 


हाथरस, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सादाबाद के मोहल्ला जैसवाल भूत हवेली निवासी अनेश कुलश्रेष्ठ अपने पुत्र आलोक कुलश्रेष्ठ के साथ नई कार से आगरा जा रहे थे। वे सिकंदरा स्थित शोरूम में कार की सर्विस कराने के लिए निकले थे। वे गांव मिढावली होते हुए कैलाश पुल मार्ग से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी कार पोलरा गांव के पास पहुंची, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही पिता-पुत्र ने तुरंत कार से बाहर निकलकर जान बचाने की कोशिश की। हालांकि बाहर निकलने तक दोनों आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस चुके थे। घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस द्वारा दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। सादाबाद थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड आग पर काबू कर लिया गया है। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। इलाज के लिए उन्हें आगरा भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना