विश्व कैंसर दिवस पर एपेक्स हॉस्पिटल कैंसर इंस्टीट्यूट में ईम्यूनोथेरेपी यूनिट का शुभारंभ
वाराणसी, 04 फरवरी (हि. स.)। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर वाराणसी में एपेक्स हॉस्पिटल कैंसर इंस्टीट्यूट में नवीनतम ईम्यूनोथेरेपी यूनिट का शुभारंभ हुआ। एपेक्स हॉस्पिटल कैंसर इंस्टीट्यूट के प्रांगण में ईम्यूनोथेरेपी यूनिट के शुभारंभ के बाद कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उसके रोकथाम व समय पर निदान को प्रोत्साहित करने और युवाओं को इससे जुड़ी आवश्यक जानकारियों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कैंसर जागरूकता रैली, प्ले, शैक्षिक सत्र एवं इन्टर कॉलेज कैंसर क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रैली को रवाना किया। इसी दौरान शैक्षिक सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. अनुराधा खन्ना द्वारा एपेक्स की निदेशिका डॉ. अंकिता पटेल, कैंसर विशेषज्ञों डॉ. गौरव गोस्वामी, डॉ. मानस मणि, प्रधानाचार्यों एवं फैकल्टी की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथि विशेषज्ञों ने कैंसर से जुड़े मिथकों को तोड़ते हुए इसके वास्तविक कारणों और बचाव के तरीकों और सबसे महत्वपूर्ण समय से सम्पूर्ण उपचार पर प्रकाश डालते हुए कैंसर के प्रभावी उपचार एवं जाँच की एडवांस्ड तकनीकों एन्डोस्कोपिक अल्ट्रसाउन्ड, माइक्रोस्कोपिक रिकन्स्ट्रक्टिव कैंसर सर्जरी, उन्नत इम्यूनोथेरेपी टार्गेटेड थेरेपी आदि के प्रति जागरूक किया।
रेडिएशन ओंकोलॉजिस्ट डॉ. सुबूही जाफ़र, डॉ. नयना गुप्ता, एसआर डॉ आदित्य, जेआर डॉ सोनाश्री ने एपेक्स वाराणसी एवं चुनार कैम्पस की आयुर्वेद, फार्मेसी, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, पैरामेडिकल चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के सात कॉलेजों के छात्र-छात्राओं हेतु इंटर कॉलेज कैंसर क्विज़ प्रतियोगिता का संयोजन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कैंसर सर्जन प्रो. एच.एस. शुक्ला द्वारा कैंसर के इलाज में प्रभावी सिद्ध होती नवीनतम इम्यूनोथेरेपी, टार्गेटेड एवं कीमोथेरेपी हेतु समर्पित विस्तारित 12 बेड की डे केयर यूनिट का शुभारंभ किया। एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने अपने संदेश में कहा कि कैंसर की रोकथाम और इसके खिलाफ लड़ाई में समाज के हर व्यक्ति की एक अनोखी भूमिका होती है, चाहे वह डॉक्टर हो, छात्र हो, रोगी हो या परिवार का सदस्य सभी मिलकर कैंसर को हराने की इस लड़ाई को मजबूत बना सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद