मीरजापुर : हलिया में दिव्यांगजन शिविर आयोजित, 13 ने सहायक उपकरण के लिए किया आवेदन
मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। विकास खंड हलिया परिसर में शुक्रवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 13 दिव्यांगजनों ने सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए आवेदन किया, जबकि चार लोगों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीन पात्र लाभार्थियों को दिव्यांग पहचान पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराया। इस दौरान लाभार्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांग पेंशन, सहायक उपकरण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर में डॉ. अतुल, डॉ. दिनेश, डॉ. सौरभ कपूर, कमाल, अहमद, दिलशाद अली, अनिल यादव, रविशंकर, राजकुमार जायसवाल, सीएम फेलो गौरव, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण), दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सचिव, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा