कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने पूर्व विधायक दादा तेजभान सिंह को भावभीनी को दी श्रद्धांजलि

 






अमेठी, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह ने बुधवार को अमेठी के विकासखंड जामों के ग्राम अचलपुर पहुंचकर पूर्व विधायक स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दोनों नेताओं ने स्व. दादा तेजभान सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण तथा सामाजिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दुख की इस घड़ी में परिवार को धैर्य एवं साहस बनाए रखने का संबल दिया।

मंत्री मनोज पांडेय और एमएलसी महेंद्र सिंह ने कहा कि स्व. दादा तेजभान सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका सरल, मिलनसार एवं कर्मठ व्यक्तित्व क्षेत्र के लोगों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज और राजनीति में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, भवानी दत्त दीक्षित, गोविंद सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी