बस के पहिए के नीचे आया पावर प्लांट कर्मी, ट्रामा सेंटर में मौत

 


मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में मड़िहान थाना क्षेत्र के मड़िहान बाजार में रविवार रात दर्दनाक हादसे में पावर प्लांट के एक कर्मचारी की जान चली गई। इंडियन बैंक के सामने कंपनी की बस से गिरकर पहिए के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ददरी कला स्थित 1600 मेगावाट के निर्माणाधीन पावर प्लांट में कार्यरत झारखंड निवासी देवेंद्र का 40 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र कार्यदायी संस्था पावर मेक में कर्मचारी था। कंपनी की बस रोज की तरह कर्मचारियों को लेकर कार्यस्थल से लौट रही थी। बताया जाता है कि सुरेंद्र बस के गेट पर खड़ा था। मड़िहान बाजार में सड़क पर बने गड्ढे में बस का पहिया पड़ते ही वाहन उछल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और बस के नीचे आ गया।

अन्य कर्मचारियों ने उसे तत्काल सीएचसी मड़िहान पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे प्लांट अधिकारियों ने परिजन को घटना की जानकारी दी।

थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा