मीरजापुर में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, तीन बीघा क्षेत्र में निर्माण ध्वस्त
मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मीरजापुर विन्ध्याचल विकास प्राधिकरण ने लगभग तीन बीघा क्षेत्र में किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर मजिस्ट्रेट/सचिव विकास प्राधिकरण अविनाश सिंह के निर्देश पर की गई।
प्राधिकरण के अनुसार ग्राम अनन्तराम पट्टी स्थित आराजी संख्या 340, 341 व 342 सहित आसपास की जमीनों पर बिना ले-आउट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इस पर संबंधित काश्तकारों व अन्य लोगों के खिलाफ उ.प्र. नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत नोटिस जारी कर निर्माण रोकने और स्पष्टीकरण देने को कहा गया था।
नोटिस के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रवर्तन दल ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीद से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि संबंधित कॉलोनी या प्लाटिंग का ले-आउट प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं। अन्यथा भविष्य में होने वाली ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई के लिए प्राधिकरण जिम्मेदार नहीं होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा