सीतापुर के लहरपुर में अवैध निर्माण पर चला बुल्डोजर, तालाब की जमीन पर बनी मस्जिद का ढांचा ध्वस्त
सीतापुर , 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर में कल रविवार को कैप्टन मनोज पांडे चौक का चौड़ीकरण के लिए बाधा बन रहे एक मंदिर को हटाने के बाद प्रशासन ने आज एक अवैध मस्जिद को ढहा दिया। जनपद के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नयागांव बेहटी गांव में सोमवार तड़के जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्जिद के ढांचे को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह निर्माण सरकारी तालाब और कब्रिस्तान की भूमि पर किया गया था।
प्रशासन की पूरी टीम रात करीब 3 बजे ही मौके पर पहुंच गई थी। सुबह लगभग 5 बजे से बुलडोजर की मदद से ध्वस्तीकरण शुरू हुआ, जो करीब 8 बजे तक चला। इस दौरान मस्जिद के अधिकांश हिस्से को गिरा दिया गया, जबकि मलबा हटाने का कार्य जारी है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर एडीएम नीतीश कुमार, एएसपी आलोक सिंह, सीओ लहरपुर और एसडीएम लहरपुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा 2 प्लाटून पीएसी, 18 थाना प्रभारी, 35 सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध या अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रशासन का कहना है कि करीब 12 वर्ष पूर्व लगभग डेढ़ बीघा जमीन पर यह निर्माण किया गया था, जिसे ग्राम सभा की शिकायत के बाद चिन्हित किया गया। मामले में 18 दिसंबर 2025 को तहसीलदार कोर्ट में वाद दाखिल किया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत संबंधित पक्ष को नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
एडीएम नीतीश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासन की निगरानी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma