चार वर्ष 10 माह बाद जौनपुर से ट्रांसफर हुए बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, विदाई समाराेह में बाेले- यहां मिला प्यार जीवनभर नहीं भूलूंगा
जौनपुर,31 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल का तबादला सीतापुर जनपद के लिए कर दिया गया है। जुलाई 2021 में जौनपुर का कार्यभार संभालने वाले डॉ. पटेल ने करीब चार वर्ष 10 माह तक जिले में अपनी सेवाएं दीं। उन्हाेंने अपने कार्यकाल में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, नवाचार और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के लिए काम किया। इनके स्थान पर समीर कुमार काे नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. पटेल ने विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष ध्यान दिया। मिशन प्रेरणा समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रही। डॉ. पटेल ने शिक्षकों और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य संस्कृति को मजबूत किया। उनके प्रयासों का ही परिणाम रहा कि जिले के कई परिषदीय विद्यालयों ने प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ शिक्षकों में विश्वास, संवाद और सहयोग का माहौल तैयार किया, जिससे शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली।रविवार को अपने विदाई समारोह के दौरान बातचीत करते हुए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जौनपुर से जुड़ी अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, मैं जुलाई 2021 में जौनपुर का बेसिक शिक्षा अधिकारी बनकर आया था। इस जनपद की धरती ने मुझे जो प्यार, सम्मान और सहयोग दिया, वह मुझे आज तक कहीं नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षकों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों का स्नेह उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने जौनपुर में बिताए गए चार वर्ष 10 माह को अपने प्रशासनिक जीवन के सबसे संतोषजनक और यादगार वर्षों में से एक बताया। डॉ. पटेल के तबादले के साथ जिले में उनके कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और कार्यों की छाप लंबे समय तक रहेगी। उनका विदाई समाराेह आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक प्रधानाचार्य ,विभिन्न शिक्षक संगठन के लोग पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव