शादी के जोड़े में परीक्षा देने पहुंची दुल्हन, नवविवाहित पत्नी को खुद परीक्षा केंद्र छोड़ने आया दूल्हा

 


मीरजापुर, 30 मई (हि.स.)। शिक्षा के प्रति समर्पण और परिवार के सहयोग की अनूठी मिसाल शनिवार को मीरजापुर के हलिया क्षेत्र में देखने को मिली। बीए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा गुड्डन देवी विवाह की विदाई के तुरंत बाद शादी के लाल जोड़े में ही परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंच गईं। खास बात यह रही कि उनके पति संतोष कुमार स्वयं उन्हें चार पहिया वाहन से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने आए।

हलिया क्षेत्र के मवई कला स्थित पंचशील महाविद्यालय में आयोजित बीए चतुर्थ सेमेस्टर के राजनीतिक विज्ञान विषय की परीक्षा में शामिल होने के लिए गुड्डन देवी सीधे विवाह समारोह से परीक्षा केंद्र पहुंचीं। शादी के परिधान में परीक्षा केंद्र पहुंची दुल्हन को देखकर छात्र-छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारी भी आश्चर्यचकित रह गए। सभी ने उनके जज्बे और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की तथा उनके साथ स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी खिंचवाईं।

ग्राम परसिया कला निवासी गुड्डन देवी का विवाह 29 मई को संतोष कुमार के साथ संपन्न हुआ था, जबकि 30 मई को उनकी विदाई हुई। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई और परीक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा देने का निर्णय लिया।

इस अवसर पर उनके पति संतोष कुमार ने भी पूरा सहयोग दिया। नवविवाहिता पत्नी की शिक्षा को महत्व देते हुए उन्होंने घर पर होने वाली अन्य रस्मों को पीछे छोड़ स्वयं उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल के लिए रवाना हो गईं।

महाविद्यालय के प्रबंधक लाल बहादुर मौर्य ने कहा कि गुड्डन देवी ने विवाह जैसे महत्वपूर्ण पारिवारिक अवसर के बीच भी अपनी शिक्षा और परीक्षा को प्राथमिकता देकर अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। वहीं उनके पति संतोष कुमार का सहयोग भी सराहनीय है, जिन्होंने नवविवाहिता पत्नी की पढ़ाई को महत्व देते हुए स्वयं उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। ऐसे उदाहरण समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा