मानदेय की मांग पर पैरावेट और पशु चिकित्सा मित्रों का कार्य बहिष्कार, टीकाकरण व कृत्रिम गर्भाधान प्रभावित

 


मीरजापुर, 24 जुलाई (हि.स.)। लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्रों ने शुक्रवार से एफएमडी टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है। आंदोलन के चलते पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पशु चिकित्सा विभाग से जुड़े पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों के नाम संबोधित मांगपत्र सौंपा। राजकीय पशु चिकित्सालय हरगढ़ के प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष सिंह को दिए गए पत्रक में लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान और निश्चित मानदेय स्वीकृत करने की मांग की गई।

आंदोलनकारियों का कहना है कि 14 जुलाई 2025 को विभागीय मंत्री ने कार्यवृत्ति के आधार पर मानदेय दिए जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रमुख सचिव, पशुपालन ने भी शासन को अपनी रिपोर्ट भेजी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे प्रदेश भर के पैरावेट और पशु चिकित्सा मित्रों में नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक निश्चित मानदेय की स्वीकृति और लंबित भुगतान नहीं किया जाता, तब तक टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान का बहिष्कार जारी रहेगा।

प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष सिंह ने बताया कि कर्मचारियों का मांगपत्र प्राप्त हो गया है, जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। मांगपत्र सौंपने वालों में कृष्ण कुमार, बबलू यादव, रामबाबू बिंद, राजकुमार, विष्णुकांत, सुधीर कुमार, रंजीत, प्रशांत सिंह, प्रवीण तोगड़िया और लवकुश सहित अन्य पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्र मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा