तालाब में नहाते समय डूबा चार वर्षीय मासूम, माैत
मीरजापुर, 31 मई (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के जग्गनपुर पहड़ी स्थित तालाब में नहाते समय चार वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
काचरिया गांव निवासी विनय कोल का चार वर्षीय पुत्र प्रिंस रविवार दोपहर अपने साथी बच्चों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित जग्गनपुर तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद बच्चे कुछ देर तक उसका इंतजार करते रहे, लेकिन जब वह दिखाई नहीं पड़ा तो वे अपने-अपने घर लौट गए।
दोपहर करीब एक बजे तक प्रिंस के घर नहीं लौटने पर उसकी मां सीमा देवी चिंतित हो उठीं। उन्होंने बेटे की तलाश शुरू की और खोजते-खोजते तालाब के किनारे पहुंचीं। वहां अपने पुत्र का शव पानी में उतराता देख वह चीख पड़ीं। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की मदद से मासूम के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। मासूम की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
बताया गया कि परिजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा