गंगा स्नान के दौरान बालक डूबा, तलाश में जुटी एसडीआरएफ

 


मीरजापुर, 22 मई (हि.स.)। चेतगंज चील्ह थाना क्षेत्र के भोगांव गांव के गंगा घाट पर मां के साथ गंगा पूजन में गया बालक नहाते समय गंगा में डूब कर लापता हाे गया । घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस एसडीआरएफ टीम व स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश में जुटी है । भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के कोड़रपट्टी महदेवा गांव निवासी बबलू उर्फ संघर्ष के भांजे की गंगा पूजन समारोह था कि श्रेयांश शुक्रवार को महिलाओं के साथ चील्ह थाना क्षेत्र के भोगांव गंगा घाट पर अपनी माता लक्ष्मी देवी के साथ में आया था । लक्ष्मी देवी ने अपने पुत्र श्रेयांश 7 को पहले गंगा स्नान करा कर कुछ दूर बैठा दिया तत्पश्चात अपने एक पुत्र और एक पुत्री को स्नान कराने लगी। इसी बीच श्रेयांश पुनः गंगा में स्नान करने चला गया । जब लक्ष्मी देवी ने अपने और दो बच्चों को नहला कर पीछे देखा तो श्रेयांश गायब था। मां के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोगाें ने खोजबीन शुरू कर दी। नहीं मिलने पर गंगा घाट पर मौजूद लोगों ने आशंका व्यक्त की कि श्रेयांश गंगा में डूब गया और घटना की जानकारी पुलिस चौकी टेढ़वा को दी गई।

पुलिस चौकी टेढ़वा के प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोर से खोजवाने का प्रयास किया। किंतु न मिलने पर एसडीआरएफ की टीम बुलायी गई जो समाचार लिखने तक उक्त बालक की खोज में लगी हुई है ।श्रेयांश दो भाई और एक बहन में बड़ा था। श्रेयांश के पिता बबलू उर्फ संघर्ष मुंबई में रहकर मजदूरी का काम करते हैं । कुछ दिन पूर्व अपने घर आए थे । श्रेयांश के बड़े पिता अवधेश कुमार ने बताया कि भांजे के गंगा पूजन समारोह में बच्चों के साथ आया श्रेयांश गंगा में डूब कर लापता हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा