मीरजापुर: अदवा नदी में बहे युवक का दो दिन बाद 40 किमी दूर मिला शव

 


मीरजापुर, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र में अदवा नदी के तेज बहाव में बहे 26 वर्षीय युवक का शव दो दिन बाद करीब 40 किलोमीटर दूर प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र में बेलन नदी से बरामद हो गया। गुरुवार सुबह लोनमटी गांव के पास नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने शव देखा तो कोरांव पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर से युवक के परिवार में कोहराम मच गया।

हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया खुर्द गांव निवासी धर्मराज (26) 18 अगस्त की सुबह घर से कोटार नाथ दर्शन के लिए निकला था। कोटार नाथ के पास अदवा नदी के पुल को पार करते समय अचानक पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में नदी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही हलिया पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

गुरुवार सुबह कोरांव थाना क्षेत्र के लोनमटी गांव के पास बेलन नदी में मछुआरों ने एक शव पानी में तैरता देखा। सूचना पर कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद कोरांव पुलिस ने हलिया थाने को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर हलिया पुलिस की ओर से एसआई शिवजी यादव और रमाशंकर परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान बेटे धर्मराज के रूप में की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक धर्मराज पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां अतर देवी का रो-रोकर बेहाल है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अदवा नदी के पुल से बहे युवक का शव कोरांव थाना क्षेत्र के पास बेलन नदी में मिला है। शव की पहचान होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा