कच्चे मकान में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव
मीरजापुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के मवई कला गांव में रविवार सुबह 32 वर्षीय चंपा देवी का शव कच्चे मकान में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। तीन बच्चों की मां चंपा के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह बच्चों ने मां को फंदे से लटकता देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे ससुर सियाराम और ग्रामीणों ने महिला को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। घटना के समय पति मनोज काम के सिलसिले में बाहर गया था। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
चंपा देवी के तीन बच्चे हैं, जिनकी उम्र आठ, छह और पांच वर्ष है। परिजनों ने प्रयागराज के जसरा स्थित मायके पक्ष को घटना की जानकारी दे दी है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला का शव कच्चे मकान की बड़ेर में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा