मीरजापुर : ट्रक चालक का पेड़ से लटका मिला शव

 


मीरजापुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह आम के पेड़ से एक अधेड़ का शव लटका

मिला। शव हाईवे से करीब 300 मीटर दूर लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पीछे सीवान में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के थर परसिया गांव निवासी 50 वर्षीय भोलानाथ दुबे पुत्र उमा कृष्ण दुबे के रुप में हुई है। बुधवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने आम के पेड़ की डाल से नायलॉन की रस्सी के सहारे शव लटकता देख पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक सुभाष यादव और शिवाकांत पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

परिजन के मुताबिक, भोलानाथ दुबे ट्रक चालक थे और पिछले करीब 20 वर्षों से मध्य प्रदेश के रीवा शहर में मकान बनाकर पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। मंगलवार दोपहर वह ड्राइविंग लाइसेंस लेने के सिलसिले में अपने पैतृक गांव थर परसिया के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। बुधवार सुबह भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में उनका शव मिलने की सूचना मिली, तो परिवार में कोहराम मच गया। पिता उमा कृष्ण दुबे और अन्य परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे।

मृतक के छोटे भाई विनोद दुबे ने बताया कि बड़े भाई भोलानाथ की किसी से रंजिश नहीं थी। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि भाई इस गांव के आम के बगीचे तक किन परिस्थितियों में पहुंचे। भोलानाथ चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है।

थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम भेजते हुए जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा