मीरजापुरः कमरे में मिला युवक का शव
मीरजापुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवां चौकी अंतर्गत बिसौरा कलां गांव में शुक्रवार देर रात 30 वर्षीय प्रमोद पटेल उर्फ टिंकू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। शनिवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर घटना की जांच कराने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद घर के एक कमरे में था, जिसका दरवाजा अंदर से बंद था। वह कमरे की छत में लगे हुक से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना के समय उसके माता-पिता दवा लेने के लिए रामनगर गए हुए थे। देर रात घर लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
प्रमोद तीन भाइयों में मझला था। उसके बड़े भाई का नाम संतोष और छोटे भाई का नाम बादल है। प्रमाेद की पत्नी निशा पिछले कई वर्षों से मायके में रह रही थी। शनिवार को पत्नी ने थाने में तहरीर देकर पति की मौत के कारणों की जांच कराने की मांग की।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा