रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, पहचान में जुटी पुलिस
मीरजापुर, 29 सितंबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर गांव के पास सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक पर करीब 35 वर्षीय युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेजकर पहचान कराने में जुटी है।
इंदिरा नगर बस्ती के पास से चोपन-चुनार रेल मार्ग गुजरता है। सोमवार रात बस्ती का एक व्यक्ति शौच के लिए रेलवे लाइन की ओर गया था। लौटते समय उसकी नजर ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। उसने बस्ती में पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इधर, लूसा रेलवे स्टेशन मास्टर की सूचना पर राजगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद मोर्चरी हाउस भेज दिया। शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में जानकारी कराई जा रही है।
राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि इंदिरा नगर गांव के पास रेलवे लाइन पर करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला है। शव को मोर्चरी हाउस भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा