बंधी में डूबी किशोरी का दूसरे दिन मिला शव

 


मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के गुलालपुर गांव में बाणसागर नहर के पास बंधी में डूबी 17 वर्षीय किशोरी आरती का शव बुधवार को दूसरे दिन बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

लहंगपुर चौकी क्षेत्र निवासी प्रेम नारायण की पुत्री आरती मंगलवार को बकरी चराने गई थी। पैर फिसलने से वह बंधी में गिर गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पानी में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय और चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मौत डूबने से हुई है।

ग्रामीणों ने नहर किनारे सुरक्षा फेंसिंग और अन्य इंतजाम कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा