दरगाह आया ऑटो चालक लापता, दो दिन बाद बालूघाट पर मिला शव
मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। चुनार स्थित हजरत बाबा कासिस सुलेमानी की दरगाह पर सवारी लेकर आए एक ऑटो चालक का शव मंगलवार को बालूघाट गंगा किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि वाराणसी के लोहता निवासी 23 वर्षीय अब्दुल साहिद पुत्र अब्दुल हमीद रविवार को सवारी लेकर ऑटो से दरगाह आया था। सवारी उतारने के बाद उसने दरगाह के पास ही ऑटो खड़ा कर दिया और परिवार वालों से फोन पर बात कर बताया कि वह दरगाह पहुंच गया है। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनाें ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिलने लगा।
सोमवार सुबह चालक के पिता व अन्य परिजन दरगाह पहुंचे तो ऑटो मेला क्षेत्र में खड़ा मिला। काफी तलाश के बाद भी जब युवक का कोई पता नहीं चला तो परिजन ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस तलाश में जुटी ही थी कि मंगलवार को सूचना मिली कि बालूघाट गंगा किनारे एक युवक का शव पड़ा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया और परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन ने शव की शिनाख्त अब्दुल साहिद के रूप में की।
कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा