बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाले मेधावी सम्मानित, जिलाधिकारी ने बढाया उत्साह
देवरिया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर हाईस्कूल के 17 तथा इंटरमीडिएट के 11 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो जीवन को नई दिशा प्रदान करता है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. स्कन्द शुक्ल ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समय के सदुपयोग पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की सराहना की।
हाईस्कूल में साक्षी राय (96.50%), प्रीती यादव व श्वेता पटेल (96.33%), आकांक्षा सिंह (96.17%) सहित कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। वहीं इंटरमीडिएट में सलोनी प्रजापति (93.60%), तुलिका चौरसिया (91.80%), कुमार काजल पाल (91.60%) समेत अन्य छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक