यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराएं : जिलाधिकारी

 


-मुरादाबाद में 105 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित

मुरादाबाद, 07 नवंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 की तैयारियों को लेकर बैठक की गई।

जिलाधिकारी ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का निर्धारित मानकों के अनुसार सत्यापन एवं निरीक्षण समय से पूर्ण कराने तथा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

जिला विद्यालय निरीक्षक रीतु तोमर ने बताया कि जनपद में 105 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों की सभी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण कर कमियों का समय से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल