भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारियाें की बैठक में संगठन विस्तार- अधिवेशन पर हुआ विचार विमर्श

 




देवरिया, 05 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारियों एवं संभाग संगठन मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को देवरिया खास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय ने की, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली एवं नेपाल क्षेत्र के प्रभारी अनुपम का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक में संगठन के विस्तार, श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की पुष्टि से हुई। इसके बाद संगठन के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा वर्ष 2026 की डायरी के प्रकाशन एवं वितरण की समीक्षा की गई। नई यूनियनों के गठन, संबद्धता शुल्क, विश्वकर्मा संकेत पत्रिका और श्रम आराधना स्मारिका के प्रकाशन एवं प्रसार पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2027 में प्रस्तावित प्रदेश अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही 18 जून 2026 को हुए आंदोलन की समीक्षा, 10 नवंबर के समर्पण निधि अभियान, नवंबर माह में प्रस्तावित रैली तथा आगामी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के संबंध में रणनीति तैयार की गई।

प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए कार्य करता है। उन्होंने संगठन को गांव और औद्योगिक क्षेत्रों तक मजबूत करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय प्रभारी अनुपम ओझा ने संगठन की एकजुटता और सक्रियता पर बल देते हुए सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की अपील की। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा श्रमिक हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक