ब्लॉक स्तरीय 'स्कूल चलो अभियान' रैली निकाली गई, अधिक नामांकन करने वाले विद्यालय हुए सम्मानित

 


वाराणसी, 14 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में सेवापुरी विकास खंड के अंतर्गत पीएम श्री विद्यालय ठटरा से ब्लॉक स्तरीय 'स्कूल चलो अभियान' के तहत जन-जागरूकता रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था। रैली का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली क्षेत्र के विभिन्न बस्ती से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां, बैनर एवं स्लोगन लिए शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील करते रहे।

रैली के समापन के बाद पीएम श्री विद्यालय ठटरा में स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव ने सभी अतिथियों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालयों को बाल-मित्र (चाइल्ड फ्रेंडली) वातावरण प्रदान कर अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए। वहीं, मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही आगे की संपूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके प्रति जागरूक होकर प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने में सहयोग करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार सिंह ने कहा कि गुरुजनों की देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित रह जाता है तो उसका भविष्य प्रभावित होता है। इसलिए सभी को सामूहिक प्रयास से प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विगत वर्ष की तुलना में अधिक नामांकन करने वाले छह विद्यालयों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय घोसिला, कम्पोजिट विद्यालय देहली विनायक, प्राथमिक विद्यालय खगरामपुर, कम्पोजिट विद्यालय गैरहा, प्राथमिक विद्यालय गोसाईपुर तथा प्राथमिक विद्यालय कालिका धाम द्वितीय शामिल रहे।

इसके अलावा स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। इनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय ठटरा ने 195 छात्र-छात्राओं का नामांकन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कम्पोजिट विद्यालय करधना ने 139 तथा पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ठटरा ने नवीन शैक्षिक सत्र में 119 छात्र-छात्राओं का नामांकन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ, सेवापुरी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष काशीनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, दिनेश सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, सेवापुरी के आनंद कुमार सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद