भाजपा का घर-घर संपर्क अभियान, गंगा घाट पर सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

 


मीरजापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे हर घर संपर्क अभियान के तहत गुरुवार को भाजपा नेता व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने रूखड़घाट वार्ड में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट की सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।

जनसंपर्क के दौरान मनोज जायसवाल ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में गरीबों को आवास, आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, कोविड काल में मुफ्त राशन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण के कई कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है और हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, रामआसरे सरोज, पूर्व सभासद विनोद मौर्य, सभासद धीरज सोनकर, बाबूराम गुप्ता, ओम प्रकाश मौर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा