भय से मुक्ति, अधिकारों की रक्षा और भविष्य की सुरक्षा की गारंटी दे रही योगी सरकार : अमरजीत
वाराणसी, 02 नवम्बर (हि. स.)। महाराष्ट्र फिल्म सिटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने सोमवार को वाराणसी में सर्किट हाऊस में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में शासन की एक स्पष्ट रेखा खींची है। अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस, व्यवस्था में रूल ऑफ लॉ और विकास में गरीब को प्राथमिकता। इसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार जनता को भय से मुक्ति, अधिकारों की रक्षा और भविष्य की सुरक्षा की गारंटी दे रही है।
मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने सर्किट हाऊस में पत्रकारों से कहा कि पिछले एक महीने से वाराणसी, भदोही, जौनपुर और मिर्जापुर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर जनसामान्य के बीच उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को पहुंचा रहे। मुख्यमंत्री सर्वे-2026 में योगी आदित्यनाथ को देश का सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई देते हुए अमरजीत मिश्र ने कहा कि यह सम्मान केवल एक मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का प्रमाण नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों में आए व्यापक बदलाव और जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतिबिंब है। मुख्यमंत्रियों को सुशासन, कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक छवि, कार्यक्षमता, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और कठिन परिस्थितियों में कड़े फैसले लेने की क्षमता सहित 10 प्रमुख मानकों पर परखा गया। इन सभी कसौटियों पर योगी आदित्यनाथ का अव्वल आना उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है।
अमरजीत मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान कभी अपराध, माफियाराज, अराजकता और अव्यवस्था के लिए होती थी, लेकिन आज वही प्रदेश कानून-व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश और विकास की नई संभावनाओं के लिए पहचाना जा रहा है। योगी सरकार ने यह संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के दायरे में आना ही होगा। शासन की इस दृढ़ इच्छाशक्ति ने आम नागरिकों के मन में सुरक्षा और विश्वास का भाव पैदा किया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का विस्तार, हवाई कनेक्टिविटी, औद्योगिक निवेश, धार्मिक पर्यटन और शहरी आधारभूत संरचनाओं का विकास प्रदेश की बदलती तस्वीर के महत्वपूर्ण आयाम हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को आर्थिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही हैं। काशी, अयोध्या, मथुरा और प्रयागराज जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों का विकास पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी नई गति दे रहा है। विकास का अर्थ केवल बड़ी इमारतें और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सम्मान और सुविधा पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार की कार्यशैली में निर्णय लेने की स्पष्टता और उसे जमीन पर उतारने की इच्छाशक्ति दिखाई देती है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था में अपनी भूमिका को लगातार मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर भाजपा के पक्ष में जनादेश देने को आतुर दिखाई दे रही है। जनता ने सुशासन और कुशासन, सुरक्षा और असुरक्षा तथा विकास और अव्यवस्था के बीच का अंतर देखा है। अब वह ऐसे नेतृत्व को प्राथमिकता देना चाहती है, जो कठिन फैसले लेने का साहस रखता हो और जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद