संघ की शाखा से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष तक पहुंचा रमेश सिंह का सफर
गोरखपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर की
सहजनवां की मिट्टी में एक साधारण शिक्षक परिवार में जन्मे रमेश सिंह की करीब 35 वर्षों की राजनीतिक यात्रा संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण और विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता की मिसाल है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से शुरू हुआ उनका वैचारिक सफर अब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और काशी क्षेत्र के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंच गया है।
रमेश सिंह के सार्वजनिक जीवन की शुरुआत सहजनवां में वर्ष 1972-75 के दौरान लगने वाली संघ की शाखा से हुई। शाखा के अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक सरोकारों ने उनके व्यक्तित्व को दिशा दी।
आगे चलकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के संपर्क ने उन्हें भाजपा की सक्रिय राजनीति और संगठनात्मक कार्यों से जोड़ा।
इसके बाद उन्होंने पार्टी संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। कई जिलों के प्रभारी रहते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अब प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ काशी क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने से उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी समेत पूर्वांचल के महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्र में संगठन को मजबूत करना उनके सामने प्रमुख चुनौती होगी। उनका यह सफर संगठन के प्रति निरंतर समर्पण और जमीनी कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय