मंडल प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता निर्माण की पाठशाला : प्रकाश पाल
कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मंडल प्रशिक्षण वर्ग केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के निर्माण की पाठशाला हैं, जहां विचारधारा की समझ के साथ तकनीकी दक्षता भी विकसित की जाती है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और उसका सशक्त प्रशिक्षण ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है।
यह बातें सोमवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही। उनकी उपस्थिति में कानपुर स्थित भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में मंडल प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 7 मार्च से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल तक चलने वाले प्रशिक्षण वर्गों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में प्रकाश पाल ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि विश्राम अनिवार्य होगा। उन्होंने मंडल प्रशिक्षण वर्ग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वर्ग प्रारंभ होने से पहले सभी संबंधित कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें आमंत्रित करें, जिससे प्रशिक्षण में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में बताया गया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सात सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में भाजपा का इतिहास और विकास, पार्टी की कार्य पद्धति व वैचारिक अधिष्ठान, प्रभावी बूथ प्रबंधन, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, संगठन विस्तार, सोशल मीडिया व आईटी का उपयोग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों पर वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रशिक्षण वर्गों के सफल संचालन के लिए एक विशेष मॉनिटरिंग टीम भी गठित की गई है, जो विभिन्न मंडलों में जाकर व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप