भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के लगे नारे

 


औरैया, 11 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मंगलवार को जिले के पांच मंडलों में औरैया देहात, मुरादगंज, अजीतमल, सहार एवं दिबियापुर में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और राष्ट्रभक्त नागरिक यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

अजीतमल मंडल में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज सभी के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। हर घर तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की आन, बान और शान तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, वीर जवानों के बलिदान, देश की एकता और करोड़ों भारतीयों की आशाओं का प्रतीक है।

औरैया देहात मंडल में मुख्य अतिथि सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ते समय उन वीर सपूतों को भी याद करना चाहिए, जिन्होंने भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

यात्रा के समापन पर ग्राम पन्हर के शहीद महेंद्र सिंह के माता-पिता एवं परिजनों को माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

दिबियापुर मंडल में पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और राष्ट्रभक्त नागरिकों को इस तिरंगा यात्रा को जन-जन का अभियान बनाना चाहिए। अपने गांव, मोहल्ले और घर-घर तक तिरंगे का सम्मान तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार