यूपी में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, योगी आदित्यनाथ पुनः बनेंगे मुख्यमंत्री : साक्षी महाराज
फिरोजाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने बुधवार को फिरोजाबाद में दावा किया है कि आगमी 2027 के चुनाव में भाजपा की 300 से अधिक सीटें आएंगी और तीसरी बार पुनः सरकार बनेगी। योगी आदित्यनाथ पुनः मुख्यमंत्री बनेंगे, सपा कही नहीं होगी।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज फिरोजाबाद में आयोजित एक भागवत कथा में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लोधी समाज का समर्थन हमेशा से ही भाजपा को मिला है। सांसद ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलकर ही भाजपा ने उत्तर प्रदेश में मजबूत जनाधार बनाया है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि बटोगे तो कटोगे यही हम कह रहे है कि यदि बटोगे तो कटोगे इसलिए सभी को संगठित रहना होगा।
साक्षी महाराज ने मीडिया से बात करते हुए राम मंदिर मुद्दे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, देश में मोदी जी और प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में विपक्ष पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई, जिन्होंने राम का विरोध किया आज वह भगवान राम की बात कर रहे हैं। वह पीडीए वाले नारे काे भूल गये हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
भाजपा सांसद ने दावा किया कि भाजपा ने पूरे देश में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर काम किया है। आगामी 2027 के चुनाव में पूरे प्रदेश में भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतेगी। प्रदेश में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी और योगी आदित्यनाथ पुनः मुख्यमंत्री बनेंगे, सपा कहीं दिखाई नहीं देगी। इस दौरान भाजपा नेता आदि ने उनका जोशीला स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़