वाराणसी : समरसता संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों की कार्य योजना बैठक संपन्न
वाराणसी, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में सिगरा स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की उपस्थिति में शनिवार को समरसता संकल्प अभियान कार्यशाला एवं कार्य योजना बैठक आयोजित की गई। इस दौरान संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के भव्य आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने अपनी कार्ययोजनाओं पर मंथन किया।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देशभर के रविदास मंदिरों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कर श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान मनाया जाएगा। जिन क्षेत्रों में गुरु रविदास मंदिर उपलब्ध नहीं हैं, वहाँ प्रत्येक मंडल के स्थानीय प्रमुख मंदिरों में यह आयोजन होगा। इस अवसर पर सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प एवं विविध धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
महानगर अध्यक्ष ने बैठक में बताया कि इस आयोजन में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलशों का पूजन किया जाएगा। ये पवित्र कलश उत्तर प्रदेश के सभी जिलों एवं देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपे जाएँगे। राज्यों की राजधानियों से यह पावन मिट्टी जिलों, मंडलों, गाँवों और बस्तियों तक पहुँचेगी, जहाँ सामाजिक समरसता यात्राएँ, पूजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 गुरु रविदास जयंती तक 5 चरणों में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान चलेगा। इसके अंतर्गत तीर्थस्थलों का समग्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जूनागढ़ (गुजरात), सागर (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) एवं श्रीखुरालगढ़ साहिब (पंजाब) सहित गुरु रविदास जी से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थलों एवं मंदिरों का जीर्णोद्धार व कायाकल्प किया जाएगा। उनके जीवन, दर्शन, शिक्षाओं तथा सपनों के 'बेगमपुरा' समतामूलक आदर्श समाज के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। देशभर के छात्रावासों में श्री गुरु रविदास महाराज के चित्र एवं प्रेरक संदेशों के साथ समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। संवाद कार्यक्रमों में श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन, विचार एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक उद्बोधन एवं संवाद आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श सत्र आयोजित कर उनके सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
बैठक में भाजपा पदाधिकारीगणों में आत्माविश्वेश्वर, अशोक पटेल, नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रमील पाण्डेय, अशोक जाटव, मधुकर चित्रांश, अखिलेंद्र सिंह सनी, अभिषेक मिश्रा, आलोक श्रीवास्तव, बृजेश चौरसिया, मधुप सिंह, अजय गुप्ता, अवधेश राय, कुशाग्र श्रीवास्तव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद