भाजपा का महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका
फिरोजाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर टूंडला चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंकते हुए नारेवाजी की।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न होने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उनका कहना था कि कांग्रेस ने बिल पर कई सवाल खड़े कर उसे रोकने का प्रयास किया, जिससे महिलाओं को उनका अधिकार मिलने में बाधा आई।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है, जबकि कांग्रेस महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल देश की आधी आबादी को राजनीतिक भागीदारी देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा ऐसे मुद्दों पर भ्रम फैलाने और विरोध करने का काम किया है।
प्रदर्शन करने वालों में नगर अध्यक्ष आजाद जैन, नीलम दिवाकर, पूर्व विधायक शिव सिंह चक, दीपक ठैनुआ आदि भाजपाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़