भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का 29 अप्रैल को विंध्याचल दौरा, मां विंध्यवासिनी के करेंगे दर्शन
मीरजापुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। विंध्याचल धाम में 29 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वह सुबह करीब सात बजे मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचेंगे।
भाजपा नगर मंडल पश्चिमी के अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष मंदिर परिसर में करीब एक घंटे तक रुककर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए विशेष व्यवस्था बनाई जा रही है, ताकि आम भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।
भाजपा संगठन की ओर से भी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त मुलाकात भी कर सकते हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और दर्शन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मंदिर क्षेत्र में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर विंध्याचल धाम में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा