श्रीकृष्ण की शिक्षाएं हमें संगठन व संवाद का महत्व बताती हैं : पंकज चौधरी

 


लखनऊ, 04 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के पंकज चौधरी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को एक वीडियो जार कर कहा कि श्रीकृष्ण की शिक्षाएं हमें संगठन और संवाद के महत्व को भी बताती हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि हमें समाज के बीच जाकर लोगों से संवाद करना है। उनकी समस्याओं को समझना है। उनकी अपेक्षाओं को सुनना है और सेवा के माध्यम से उनके विश्वास को मजबूत करना है। आप का परिश्रम आप की सेवा ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियों कैसी भी हों, सत्य व कर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। हमें उनके संदेश को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा देता है।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं व प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म के मार्ग पर अडिग रहने, कर्म को सर्वोच्च मानने और सत्य के लिए सदैव संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।श्रीमद्भगवद्गीता में उनके दिव्य उपदेश आज भी मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, प्रेम एवं समृद्धि का संचार हो और हमारा समाज धर्म, संस्कार एवं मानवता के मूल्यों के साथ निरंतर आगे बढ़े, यही मंगलकामना है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन