केंद्र सरकार की नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा :पंकज चौधरी

 


—भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी के कार्यक्रम में हुए शामिल

वाराणसी, 10 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री ने शहर में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार 4399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने के उपलक्ष्य में पार्टी की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।

अपने दौरे के दौरान पंकज चौधरी ने लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय में पहुंचकर बच्चों को फल एवं उपहार वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ मंदिर के गंगा द्वार ललिताघाट पर आयोजित दीपदान उत्सव में भी शामिल हुए। तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने रुद्राभिषेक किया। उन्होंने महादेव से प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी के लोकप्रिय सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सर्वाधिक 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के गौरवपूर्ण अवसर पर स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत तथा स्वच्छता ही सेवा के मूल मंत्र को आगे बढ़ाने के लिए काशी में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित किए हैं। केन्द्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना के साथ बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और आज वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले नेता के रूप में स्थापित हुए हैं।

पंकज चौधरी ने कहा कि दुनिया के कई देश आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत इस कठिन दौर में भी मजबूती के साथ उभरकर सामने आया है। केंद्र सरकार की नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है तथा देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और पार्टी सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध रही है।

इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी