घुमंतू समाज के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध, आधार-राशन कार्ड और आवास दिलाने की होगी व्यवस्था : पंकज चौधरी

 




कन्नौज में घुमंतू गौरव समागम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर साधा निशाना

असीम अरुण ने पुलिस पर घुमंतू समाज के बच्चों को झूठे मामलों में फंसाने का लगाया आरोप

कन्नौज, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि घुमंतू और विमुक्त समुदायों को सम्मान, पहचान और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आजादी के बाद लंबे समय तक इस समाज की शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की गई, लेकिन केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार इनके उत्थान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने घुमंतू समाज के लोगों को आधार कार्ड, राशन कार्ड और आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बोर्ड के गठन को महत्वपूर्ण पहल बताया।

कन्नौज जनपद के बोर्डिंग ग्राउंड में रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित घुमंतू गौरव समागम को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि शाम होने के बाद बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं। नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अपने माता-पिता से तत्कालीन सरकार के कामकाज के बारे में पूछना चाहिए। इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों से भी उस समय के हालात की तुलना की जा सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते देख सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बयानों में धमकी की भाषा दिखाई देने लगी है। पार्टी नेतृत्व को भी अपने कार्यकर्ताओं को इस तरह की बयानबाजी से रोकने के लिए आगे आना पड़ा है। कन्नौज के चर्चित नाबालिग से दुष्कर्म के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोपी का नाम लिए बिना कहा कि घटना के समय सपा के कई बड़े नेता आरोपी के समर्थन में खड़े दिखाई दिए थे, जबकि भाजपा सरकार ने दोषी को सजा दिलाने का काम किया।

484 विमुक्त जातियों के लिए बजट का उल्लेख

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घुमंतू समाज को लंबे समय तक सरकारी योजनाओं और विकास की मुख्यधारा से दूर रखा गया। खुद को जनजातीय समुदायों का हितैषी बताने वाली पूर्ववर्ती सरकारों ने भी इनके लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए। भाजपा सरकार ने अंत्योदय की भावना के साथ वंचित समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम शुरू किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 484 विमुक्त जातियों के उत्थान के लिए 36 करोड़ 75 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ पांच करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण की सराहना करते हुए कहा कि घुमंतू समाज के लिए बोर्ड का गठन उनकी पहचान और अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है। बोर्ड के माध्यम से ऐसे परिवारों को आधार कार्ड, राशन कार्ड और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अवसर और विकास से जोड़ना है। युवाओं को कोचिंग से लेकर प्रशासनिक सेवाओं में उच्च पदों तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है।

सांसद और उनके परिवार पर भी हमला

पंकज चौधरी ने कन्नौज के सांसद और उनके परिवार को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि परिवार की कई पीढ़ियों ने क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव का लाभ उठाया, लेकिन घुमंतू समाज के उत्थान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस समाज के साथ भेदभाव हुआ और विकास के अवसरों से वंचित रखा गया। इसके विपरीत भाजपा सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने लोगों से पूर्ववर्ती सपा सरकार और वर्तमान व्यवस्था के कामकाज की तुलना करने की अपील की।

असीम अरुण बोले, घुमंतू बच्चों को तमंचे के साथ जेल भेज देती है पुलिस

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस में गलत तरीके से कार्रवाई करने की प्रवृत्ति बन गई है। जब अधिकारियों की ओर से तमंचा या शराब पकड़ने का दबाव बनाया जाता है और पुलिस वास्तविक आरोपी तक नहीं पहुंच पाती, तो घुमंतू समाज के बच्चों को पकड़कर उनके पास तमंचा दिखाते हुए जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में भले ही किसी को अदालत से सजा मिल जाए, लेकिन ऊपर वाले की अदालत में इसका जवाब देना होगा।

मंत्री ने घुमंतू समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की ओर से किसी को गलत तरीके से फंसाने का प्रयास किए जाने पर वे रात तीन बजे भी उन्हें फोन कर सकते हैं। वह फोन उठाकर संबंधित पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

दोपहर में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष, जयकारों से गूंजा मैदान

बोर्डिंग ग्राउंड में आयोजित समागम का आयोजन समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण की ओर से किया गया। सुबह साढ़े नौ बजे निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घुमंतू और वंचित समुदायों के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दोपहर करीब 12:15 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। भारत माता और महापुरुषों के जयकारों के बीच कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा