भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया जोर, सभी 11 एमएलसी सीटें जीतने का लक्ष्य
—काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत का संकल्प, भाजपा की सात संगठनात्मक बैठकें संपन्न
वाराणसी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सात महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें गुरुवार को संपन्न हुईं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय काशी प्रवास के दौरान आयोजित इन बैठकों में जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ एवं पूर्व पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठकों के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ता अनुभवी और वरिष्ठ हैं तथा संगठन को धरातल पर मजबूत करने की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर तक संगठनात्मक बैठकें प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएं।
नितिन नवीन ने आगामी संगठनात्मक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा बैठकों की सूचना जनप्रतिनिधियों और पूर्व पदाधिकारियों तक समय से पहुंचाने के लिए संवाद तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार है और इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सक्रियता और बेहतर समन्वय जरूरी है।
——सभी 11 एमएलसी सीटों पर जीत का लक्ष्य
आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों को लेकर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटों पर जीत का लक्ष्य निर्धारित करते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से तत्काल चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब 15 दिन से भी कम समय शेष है। ऐसे में मतदाताओं से अधिक से अधिक प्रत्यक्ष संपर्क और संवाद स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी अभियान को गति देने और संगठन की पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की अपील की।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनावों में जीत हासिल करना पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि काशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए देश-दुनिया की नजरें काशी पर रहती हैं। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि संगठन में मिले दायित्व का सम्मान तभी बढ़ता है, जब उसका प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए।
बैठकों में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, शंकर गिरी, कौशलेंद्र पटेल, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, राकेश शर्मा, विपिन सिंह, अनिल श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, विद्याधर तिवारी, अजीत रावत, अनीता त्रिपाठी, कविता पटेल, अवधेश गुप्ता और जगदीश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी